.

.

Breaking News

News Update:

How To Create a Website

Sunday 22 April 2018

प्रदेश के कर्मचारियों के भत्तों में दोगुना तक बढ़ोतरी, मई से लागू

** 12वें लोक सेवा दिवस पर सीएम ने की घोषणा 
** बढ़े हुए भत्ते एक मई 2018 से लागू होंगे।
** सरकार ने कर्मचारियों की सबसे बड़ी मांग आवास किराया भत्ता (HRA) पर अभी कोई फैसला नहीं लिया है।
** सरकारी खजाने पर पड़ेगा सालाना 840 करोड़ का भार
राजधानी हरियाणा : 12वें लोक सेवा दिवस पर शनिवार को राज्य सरकार ने कर्मचारियों के भत्तों में 66 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की है। बढ़े हुए भत्ते एक मई 2018 से लागू होंगे। इससे सरकारी खजाने पर सालाना 840 करोड़ रुपए का भार बढ़ेगा। पंचकूला के ऑडिटोरियम में सीएम मनोहर लाल ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि भत्तों की बढ़ोतरी अधिकारियों के अलावा कर्मचारी संगठनों से बातचीत के बाद ही की गई है। उन्होंने बताया कि सरकार ने 9 भत्तों में बढ़ोतरी की है। साथ ही एक नया भत्ता भी शुरू किया है। इसके तहत निशक्त महिला कर्मचारी को चाइल्ड केयर के लिए 1500 रुपए प्रति बच्चा दिया जाएगा। यह भत्ता दो बच्चों पर उनकी आयु दो वर्ष होने तक दिया जाएगा। हालांकि, सरकार ने कर्मचारियों की सबसे बड़े मांग आवास किराया भत्ता पर अभी कोई फैसला नहीं लिया है। एचआरए में संशोधन के लिए वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु की अध्यक्षता में एक कमेटी का गठन करने की बात कही गई है। यह कमेटी एचआरए में संशोधन की सिफारिश करेगी। इसकी रिपोर्ट मिलने पर ही एचआरए बढ़ाया जा सकेगा। वहीं, कर्मचारी संगठन बढ़े हुए भत्ते जनवरी 2016 से दिए जाने की मांग कर रहे हैं। 
टीए/डीए 66% तक बढ़ाया 
ग्रेड-1 : हायर ग्रेड लेवल-19 व इससे ऊपर और एअाईएस लेवल-15 और इससे ऊपर के अफसरों को हरियाणा व चंडीगढ़ में दौरे के लिए 500 रुपए की जगह अब 700 रु. प्रतिदिन मिलेंगे। वहीं, प्रदेश से बाहर जाने पर 600 के बजाय 800 रुपए दिए जाएंगे। 
ग्रेड-2 : हायर ग्रेड-लेवल 16 से 18 तक और एआईएस लेवल-14 के कर्मचारियों को हरियाणा-चंडीगढ़ में दौरे के लिए 400 के बजाय 600 रुपए मिलेंगे। बाहर जाने पर 500 की जगह 700 रुपए मिलेंगे। 
ग्रेड-3 : हायर ग्रेड लेवल-8 से 15 और एआईएस लेवल-10 से 13 के कर्मचारियों को हरियाणा-चंडीगढ़ में दौरे के लिए 300 के बजाय 500 रुपए मिलेंगे। प्रदेश से बाहर जाने पर पहले 400 के बजाय 600 रुपए मिलेंगे। 
ग्रेड-4 : हायर ग्रेड लेवल 5 से 7 के कर्मचारियों को हरियाणा और चंडीगढ़ में दौरे के लिए 250 के बजाय 400 रुपए मिलेंगे। हरियाणा और चंडीगढ़ से बाहर जाने पर 300 की जगह 500 रुपए मिलेंगे। 
ग्रेड-5 : हायर ग्रेड लेवल-4 और इससे नीचे वाले कर्मचारियों को हरियाणा-चंडीगढ़ में दौरे के लिए 200 की जगह 300 रुपए मिलेंगे। हरियाणा व चंडीगढ़ से बाहर जाने पर 250 के बजाय 400 रुपए मिलेंगे। 
निजी कार से यात्रा पर अब प्रति किमी 16 रुपए मिलेंगे 
टैक्सी, निजी कार, ऑटो रिक्शा से यात्रा करने वाले ग्रेड-1 से 3 के अधिकारियों को 10 के बजाय 16 रु. प्रति किमी दिए जाएंगे। ग्रेड-4 और 5 के कर्मचारियों को 6 के बजाय 9 रु. प्रति किमी मिलेगा। 
यहां तो 100% तक फायदा 
  • चिकित्सा भत्ता 500 रु. से 1000 रु. किया। 
  • बाल शिक्षा भत्ता 750 से 1125 रु. किया। 
  • ग्रुप-डी के कर्मचारियों के लिए वर्दी एवं धुलाई भत्ता 240 रुपए से 440 रुपए किया। 
  • डॉक्टरों के लिए एनपीए की दर को असंशोधित मूल वेतन के 25 फीसदी से संशोधित मूल वेतन का 20 फीसदी किया। 
  • ग्रुप-डी के कर्मचारियों के लिए साइकिल भत्ता 100 रुपए से 200 रुपए किया। 
  • सफाई कर्मचारियों के विशेष भत्ते को 350 रुपए से 625 रुपए किया है। 
  • निशक्त महिला कर्मचारी को चाइल्ड केयर के लिए विशेष भत्ता दिया जाएगा। 1500 रुपए प्रति बच्चा प्रति महीना होगा। यह भत्ता अधिकतम दो बच्चों की आयु दो वर्ष होने तक दिया जाएगा। 
  • माेरनी हिल्स क्षेत्र में नियुक्त कर्मचारियों को पर्वतीय क्षेत्र मुआवजा भत्ता उनके मूल वेतन का 2.5 फीसदी होगा। न्यूनतम सीमा 200 रुपए से 350 की है, जबकि अधिकतम सीमा 400 रुपए से बढ़ाकर 700 रुपए की है। 
निशक्त कर्मचारियों को वाहन भत्ता वेतन का 8 फीसदी मिलेगा 
निशक्त कर्मचारियों को वाहन भत्ता वेतन का 8% दिया जाएगा। इसकी न्यूनतम सीमा 2 हजार रुपए से बढ़ाकर 4 हजार रु. प्रति माह किया है। जबकि पहले मूल वेतन के 10 फीसदी के बराबर वाहन भत्ता दिया जाता था। जिसकी न्यूनतम सीमा एक हजार व अधिकतम 2 हजार रुपए थी। 

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.