.

.

Breaking News

News Update:

How To Create a Website

Thursday 21 March 2013

संडे को लगेंगे स्कूल, होली को अवकाश


प्रदेश के सरकारी स्कूलों में इस बार रविवार 24 मार्च को अवकाश नहीं होगा। स्कूल अन्य दिनों की तरह ही लगेंगे, इसके बदले में 26 मार्च को अवकाश घोषित कर दिया गया है। होली पर 26 व 27 मार्च यानी दो दिन का अवकाश टीचर्स व अन्य स्टाफ को मिलेगा। इससे होली मनाने का आनंद बढ़ जाएगा।
प्रदेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम लागू होने के साथ ही सरकारी स्कूलों में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी का गठन अनिवार्य कर दिया गया था। इस समय स्कूलों में दो साल से गठित कमेटी कार्य कर रही हैं। इन कमेटियों को भंग करने के बाद नई कमेटियों के गठन के लिए 24 मार्च का दिन फाइनल किया गया है। 24 मार्च को रविवार है, ऐसे में एसएमसी गठन के लिए स्कूलों को खोला जाएगा। स्टाफ भी मौजूद रहेगा व अभिभावकों को भी अपनी हाजिरी सुनिश्चित करने के लिए कहा जाना शुरू कर दिया गया है। रविवार को स्कूल लगाने के बाद स्टाफ इसके बदले में छुट्टी की मांग करेगा और इसका उपाय पहले ही करते हुए प्रदेश में 24 के बदले 26 मार्च की छुट्टी का एलान कर दिया गया है।
आम तौर पर होली के दिन प्रदेश के स्कूलों में अवकाश नहीं होता। इसकी वजह होलिका दहन का शाम के समय होना होता है। लोग अपनी ड्यूटी के बाद होलिका पूजन करते हैं और फिर बच्चों के साथ होलिका दहन के गवाह बनते हैं। होली से अगले दिन रंगों का त्योहार दुल्हंडी (फाग) खेला जाता है। पूरा दिन रंगों की मस्ती में लोग डूबे रहते हैं। इस दिन हरियाणा रोडवेज की बसें भी बंद रहती हैं और प्रदेश में दुल्हंडी का सरकारी अवकाश रहता है। स्कूलों में 24 मार्च को वर्किंग करने के बाद 26 मार्च का अवकाश घोषित करने से होली पर दो दिन की छुट्टी होने से त्योहार का मजा डबल होने की संभावना है।
खंड मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा कहते हैं कि रविवार के दिन स्कूलों में एसएमसी का गठन किया जाना है। आम तौर पर नौकरी-पेशा व मेहनत-मजदूरी करने वालों की रविवार को छुट्टी होती है। एसएमसी गठन के लिए अभिभावक स्कूलों तक पहुंचें और अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें, इसलिए रविवार का दिन फाइनल करते हुए स्कूल खोलने की प्लानिंग की गई है। इसकी एवज में 26 मार्च को प्रदेश के स्कूलों में अवकाश रखने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
                                                                                                     ...DJ


 

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.