.

.

Breaking News

News Update:

How To Create a Website

Friday 5 December 2014

कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन और सदस्यों की चयन प्रक्रिया शुरू

** मुख्यमंत्री ने कालेजियम का गठन कर शिक्षा मंत्री को सदस्य बनाया 
** हर मंडलायुक्त से मांगी जाएगी पांच- पांच नामों की सूची 
चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार ने राज्य कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन और सदस्यों के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्य इसी माह पूरा हो जाने की संभावना है। चेयरमैन और सदस्यों की नियुक्ति के बाद लंबित भर्ती प्रक्रिया दोबारा से शुरू होने की उम्मीद की जा रही है। 
मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में पिछले माह हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन और सदस्यों की नियुक्तियां रद कर दी गई थीं। 
मंत्रिमंडल में हरियाणा शिक्षक भर्ती बोर्ड भी भंग कर दिया था। चेयरमैन और सदस्यों के पद पर अमूमन राजनीतिक लोगों की नियुक्तियां की जाती रही हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कालेजियम के माध्यम से आयोग के अध्यक्ष एवं सदस्यों के नामों की सिफारिश देने के लिए शिक्षा मंत्री प्रो. राम बिलास शर्मा को इसका सदस्य नियुक्त किया है। कालेजियम के अन्य सदस्यों में मुख्य सचिव पीके गुप्ता, विधि परामर्शी तथा विधि एवं विधायी विभाग के प्रशासनिक सचिव शामिल होंगे। 
अध्यक्ष एवं सदस्यों को नियुक्त करने के लिए भेजे जाने वाले नामों को मुख्यमंत्री के समक्ष अंतिम रूप देने से पूर्व कालेजियम सभी मंडल आयुक्तों से अपने-अपने मंडलों से 5-5 व्यक्तियों के नाम मांगेगा। इसके अलावा कालेजियम ऐसे व्यक्तियों की आयु, शैक्षणिक योग्यता, सामाजिक कार्यो में अच्छे रिकार्ड, श्रेष्ठता तथा सामाजिक गतिविधियों में उनके प्रदर्शन पर भी विचार करेगा। 
लंबित भर्ती प्रक्रिया रद करने की तैयारी 
कर्मचारी चयन आयोग के पास करीब चार हजार रिक्तियों का रिजल्ट बनकर तैयार है और करीब 10 हजार रिक्तियां भरने की प्रक्रिया चल रही थी, लेकिन प्रदेश सरकार ने अभी स्पष्ट नहीं किया कि आयोग के पूर्व चेयरमैन और सदस्यों द्वारा तैयार किए गए इस रिजल्ट को घोषित किया जाएगा अथवा नहीं। लंबित भर्ती प्रक्रिया को जारी रखने अथवा रद करने पर भी राज्य सरकार ने अभी फैसला नहीं लिया है। माना जा रहा है कि राज्य सरकार लंबित भर्ती प्रक्रिया को रद कर नए सिरे से इसे शुरू कर सकती है। 
इन सदस्यों को हटाया गया था 
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा की सरकार में विजय कुमार चुघ राज्य कर्मचारी चयन आयोग के चेयरमैन के पद पर कार्यरत थे, जबकि सदस्यों में विनय शर्मा, अशोक जैन, राम शरण भोला, ललित कुमार बुटाना, प्रताप मुद्गल और परमवीर शामिल थे। आयोग के सचिव पीडी वर्मा को उनके पद पर बरकरार रखा गया था।                                                                  dj

No comments:

Post a Comment

Note: only a member of this blog may post a comment.